
उदित वाणी, पटमदा : मानसून की भारी बारिश पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के ग्रामीणों के लिए आफत बन गई है. कमजोर और कच्चे मकानों पर यह बारिश कहर बनकर टूटी है. पटमदा प्रखंड के कई गांवों में दर्जनों घर या तो पूरी तरह गिर चुके हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं.
पटमदा से 27 परिवारों ने की मुआवजे की मांग
पटमदा अंचल कार्यालय को अब तक 27 पीड़ित परिवारों से मुआवजे के आवेदन प्राप्त हुए हैं. अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि इनमें से 3 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि 16 मकान आंशिक रूप से टूट चुके हैं. शेष 8 मामलों की जांच की जा रही है. सभी आवेदनों को आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजा जा रहा है.
बोड़ाम में भी भारी नुकसान, 102 आवेदन पहुँचे
बोड़ाम प्रखंड में भी हालात अलग नहीं हैं. यहां के विभिन्न गांवों से कुल 102 आवेदन अंचल कार्यालय को मिले हैं, जिनमें लोगों ने अपने कच्चे मकानों के आंशिक या पूर्ण क्षति की जानकारी दी है. अंचलाधिकारी रंजीत रंजन ने बताया कि इन सभी मामलों को भी जिला मुख्यालय भेजा जा चुका है ताकि आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

