
उदित वाणी, रांची : धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय के डेटा सेंटर के डेवलपमेंट सेक्शन में सोमवार की रात अचानक आग लग गई. बताया गया कि शॅट सर्किट की वजह से आग लगी. आग की चपेट में आते ही पुलिस मुख्यालय में अफरा-तफरी मच गई. आग ने डेवलपमेंट सेक्शन में रखे 13 से ज्यादा कंप्यूटर को पूरी तरह से नष्ट कर दिया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय के गार्ड्स और डेटा सेंटर के कर्मियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया.
दमकल की टीम कुछ ही देर में पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार डेवलपमेंट सेक्शन में मुख्यालय की वेबसाइट पर अपलोड समेत कई महत्वपूर्ण काम किए जाते थे. 13 से ज्यादा कंप्यूटर जल जाने की वजह से यह कार्य फिलहाल प्रभावित हुआ है. पुलिस मुख्यालय के कुछ कर्मियों ने बताया कि आग डेटा सेंटर के पहले माले तक ही सीमित रहा अन्यथा नुकसान और भी बड़ा हो सकता था.
डेटा सेंटर में प्राइवेट कर्मियों के अलावा वायरलेस विभाग के पुलिसकर्मी भी तैनात रहते हैं. लेकिन रात में उनकी ड्यूटी नहीं रहती है. झारखंड पुलिस के प्रवक्ता आईजी माइकल राज ने बताया कि आग डेटा सेंटर के पहले माले पर लगी थी और उसे काबू पा लिया गया है. उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने जांच भी शुरू कर दी है. जो भी दोषी पाए जायेंगे. उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

