
उदित वाणी, जमशेदपुर: रविवार को झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन नारायणपुर गांव (बनकाटी पंचायत) में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे. मौके का लाभ उठाते हुए ग्रामीणों ने अपनी कई लंबित समस्याओं को मंत्री के समक्ष मजबूती से रखा. इनमें सबसे प्रमुख मुद्दा था – जाहेर स्थान की अधूरी चारदीवारी का निर्माण.
शिलान्यास हुआ, निर्माण अधूरा
ग्रामीणों ने मंत्री को याद दिलाया कि 8 नवंबर 2021 को जाहेर स्थल की चारदीवारी निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया गया था. इस अवसर पर आदिवासी कल्याण एवं परिवहन मंत्री चम्पई सोरेन, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक रामदास सोरेन, जिला परिषद सदस्य तुलसीवाला मुर्मू तथा पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे. यह योजना समेकित जनजातीय विकास अभिकरण, पूर्वी सिंहभूम (कल्याण विभाग) द्वारा प्रस्तावित की गई थी.
तीन वर्षों से निर्माण कार्य अधर में
शिलान्यास के तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन चारदीवारी का कार्य अब तक अधूरा पड़ा है. ग्रामीणों ने नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि जाहेर स्थान उनकी धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान का केंद्र है. इसके बिना कोई भी अनुष्ठान या पर्व व्यवस्थित रूप से संपन्न नहीं हो पाता.
मंत्री रामदास सोरेन ने जताई चिंता
मंच से बोलते हुए शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने भी इस विलंब पर असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि चम्पई सोरेन द्वारा रखी गई आधारशिला के बाद भी कार्य में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही संबंधित विभाग से बात कर आवश्यक कार्रवाई करवाएंगे.

