
तीन बच्चियों की मौके पर ही चली गई जान
रांची-टाटा रोड जाम होने से फलाइट पकडऩे वालों को हुई भारी परेशानी
उदित वाणी, रांची: राजधानी से लगभग 50 किलोमीटर दूर बुंडुु सूर्यमंदिर के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल वैन को भीषण टक्कर मारी. जिसे स्कूल वैन में बैठे तीन बच्चियों की मौके पर ही जान चली गई. वैन में सभी स्कूली बच्चे ही सवार थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन लगभग 50 मीटर दूर जा गिरी और इस दर्दनाक घटना में तीन बच्चियों की जान जाने के साथ ही कई बच्चे जख्मी हो गये. एक बच्ची को गंभीर अवस्था में रिम्स भेजा गया.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया. एक्सीडेंट में मारी गई बच्चियां बुंडू इलाके की ही रहने वाली थी. सभी की उम्र 10 से 12 साल के बीच बताई गई है. बच्चियों के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है.
इधर भीषण टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां इकहठा हो गए. वहीं घटना की सूचना मिलते ही बुंडू थानेदार पंकज भूषण भी सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे तथा लोगों की मदद से वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में जुटे.
दुर्घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और गुस्साए लोगों ने एनएच 33 जाम कर दिया तथा मृतक बच्चियों के परिजनों को मुआवजा देने व ट्रक ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े थे.
वहीं सड़क जाम की वजह से दोनों तरफ गाडिय़ों की दूर-दूर तक लम्बी लाइनें लग गई और रांची-जमशेदपुर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. जमशेदपुर से फ्लाइट पकडऩे के लिए रांची एयरपोर्ट जानेवाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में मरने वाले बच्चों की पहचान की जा रही है. घटना पर रांची पुलिस के वरीय अधिकारी भी पूरी नजर बनाए हुए हैं.

