
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले टाटानगर रेलवे स्टेशन को नया एरिया मैनेजर मिल गया है। समीर सौरभ को टाटानगर का एरिया मैनेजर नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान एरिया मैनेजर अभिषेक सिंघल का तबादला चक्रधरपुर में संभागीय परिचालन प्रबंधक (डीओएम) पद पर कर दिया गया है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, समीर सौरभ पहले से मंडल के कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं और परिचालन प्रबंधन के क्षेत्र में उनका अनुभव व्यापक है। उन्होंने कहा कि टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के साथ-साथ परिचालन व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता होगी।
पूर्व एरिया मैनेजर अभिषेक सिंघल ने अपने कार्यकाल में टाटानगर स्टेशन पर कई विकासात्मक कार्य कराए। इसमें स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता अभियान और यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार जैसी योजनाएं प्रमुख रहीं। उनकी नई जिम्मेदारी चक्रधरपुर में होगी, जहां वे परिचालन प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देंगे।
स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने बताया कि समीर सौरभ के आने से टाटानगर स्टेशन के संचालन और विकास कार्यों में नई गति आएगी। यात्री संगठनों ने भी नए एरिया मैनेजर से उम्मीद जताई है कि स्टेशन पर ट्रेनों की समयपालन और सुविधाओं में और सुधार होगा।
अगले कुछ दिनों में समीर सौरभ औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। रेलवे प्रशासन ने दोनों अधिकारियों को उनके नए कार्यक्षेत्र के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

