
उदित वाणी, जमशेदपुर: प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी 21 जनवरी को करीम ट्रस्ट के संस्थापक स्वर्गीय तफज्जुल करीम की पुण्यतिथि मनाई गई. यह दिन करीम ट्रस्ट और उससे जुड़ी हुई सभी शैक्षणिक संस्थाओं में स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है.
इस अवसर पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए और अपने संस्थापक को याद किया गया. सुबह 8:30 बजे कॉलेज के फैकल्टी स्टडी में कुरान खानी की व्यवस्था की गई, जिसमें करीम सिटी कॉलेज तथा करीमिया स्कूल के शिक्षकों तथा संस्था से जुड़े हुए लोगों ने कुरान शरीफ की तलावत की.
11 बजे पूरा परिवार अपने ट्रस्टी अशफाक करीम साहब की अगुवाई में साकची कब्रिस्तान गया और स्वर्गीय तफज्जुल करीम साहब की कब्र के पास जमा होकर इस्तमाई दुआ की.
इस अवसर पर करीमिया प्लस टू हाई स्कूल के शिक्षक हाफिज मोहम्मद आरिफ ने कुरान की आयतें पढ़ीं और उन्हीं की अगुवाई में दुआ हुई. ट्रस्टी महोदय ने संस्थापक को याद किया और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को बताया. प्राचार्य डॉ मोहम्मद रेयाज ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय करीम साहब एक महान व्यक्ति थे, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता.

