
उदित वाणी, जमशेदपुर: स्वदेशी जागरण मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार भेंट की. इस प्रतिनिधिमंडल में मंच के अखिल भारतीय सह पर्यावरण प्रमुख बन्दे शंकर सिंह, स्वावलंबी झारखंड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर के निदेशक अशोक गोयल, प्रांत प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा और प्रांत युवा प्रमुख पंकज सिंह शामिल थे.
आमंत्रण सौंपा, सम्मेलन में मुख्य अतिथि बनने का अनुरोध
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को जमशेदपुर में आयोजित होने जा रहे एसजेएमडीसी (स्वावलम्बी झारखण्ड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर) के 12वें वार्षिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया. राज्यपाल ने मंच द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों व जनजागरण अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि वे पहले से ही मंच की गतिविधियों से अवगत हैं.
महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना
राज्यपाल ने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु मंच द्वारा कम ब्याज दर पर दिए जा रहे ऋण कार्यक्रम की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि समाज से सूदखोरी जैसी कुरीतियों को भी समाप्त करेगा. प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को स्वदेशी और विदेशी वस्तुओं की एक सूची भी प्रदान की, जिसे देखकर राज्यपाल ने प्रसन्नता जताई. उन्होंने सम्मेलन में अपनी उपस्थिति का विश्वास दिलाया.

