
उदित वाणी, जमशेदपुर: प्रतिष्ठित उद्योगपति सुनील अलघ को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। अलघ के संस्थान पहुंचने पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें शाल, मेमेंटो और बुके देकर सम्मानित किया गया।
महामहिम राष्ट्रपति महोदया द्वारा अलघ की नियुक्ति के बाद वह संस्थान के कार्यकलापों की समीक्षा करने और भविष्य के विकास योजनाओं पर चर्चा करने के लिए संस्थान पहुंचे।
आज, संस्थान के डायमंड जुबली हॉल में सुनील अलघ ने डीन, विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों, स्थानीय पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान, उन्होंने एनआईटी जमशेदपुर के भविष्य को लेकर अपने दृष्टिकोण साझा किए। अलघ ने कहा, “हमारे उद्देश्य को लेकर हमें पूरी प्रतिबद्धता से काम करना होगा। आने वाले समय में एनआईटी जमशेदपुर अपनी रैंकिंग को सुधारेगा। हम इसके लिए सभी जरूरी पैरामीटर पर ध्यान देंगे और संस्थान के इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सुधार करेंगे।”
संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर ने अपने संबोधन में एनआईटी जमशेदपुर को टॉप 50 कॉलेजों में शामिल करने का लक्ष्य रखा और संस्थान के विकास के लिए रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सभी से सकारात्मक सोच के साथ संस्थान के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
नए चेयरमैन सुनील अलघ भारतीय उद्योग जगत के प्रसिद्ध नाम हैं और प्रबंधन कंपनी *एसकेएस एडवाइजर्स* के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक हैं। वह ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक और सीईओ भी रह चुके हैं। उन्होंने सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज से एकोनोमिक्स में ऑनर्स किया और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कोलकाता से एम.बी.ए. की डिग्री प्राप्त की। वे प्रसार भारती इंडिया, यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड, गति लिमिटेड, और इंडोफिल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बोर्ड में रह चुके हैं और जर्मनी की हनोवर रे कंपनी के सलाहकार भी हैं।
सुनील अलघ CNBC इंडिया के प्रसिद्ध कार्यक्रम “द जॉब शो” के होस्ट रह चुके हैं और 2004 में अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (AIMA) के अध्यक्ष भी बने थे। उन्होंने कई सम्मान और पुरस्कार भी प्राप्त किए हैं, जिनमें 2000 में कशालकर मेमोरियल गोल्ड मेडल और 2002 में अर्नस्ट एंड यंग “उद्यमी ऑफ द ईयर” पुरस्कार के फाइनलिस्ट के रूप में सम्मान शामिल है।
इस कार्यक्रम में संस्थान के सभी प्राध्यापक, उपनिदेशक प्रो. (डॉ.) राम विनय शर्मा, कुलसचिव कर्नल (डॉ.) निशीथ कुमार राय, पीआरओ सह मीडिया प्रभारी सुनील कुमार भगत, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

