
उदित वाणी, रांची: प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत महंगाई, बेरोजगारी, देश की गिरती अर्थव्यवस्था तथा मोदी-अड़ानी के संबंधों पर जेपीसी गठन की मांग को लेकर बुधवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में जय भारत सत्याग्रह उपवास कार्यक्रम आयोजित किया.
उपवास कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे से शाम 3 बजे तक रखा गया. कार्यक्रम के उपरांत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है.
लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई मजबूती से लड़नी होगी। संसद में सवालों को जवाब नहीं मिल रहा है. अड़ानी को बचाने की कोशिश हो रही है. महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्यों पर प्रधानमंत्री खामोश हैं। कठिन दौर से देश गुजर रहा है. मूल अधिकारों को हनन हो रहा है. अभिव्यक्ति की आजादी पर भाजपा रोक लगा रही है.
संविधान को तोड़ा जा रहा है. सत्ता का दुरूपयोग हो रहा है. केन्द्र सरकार सवालों से बचने के लिए सदन की प्रक्रिया को बाधित करती रही है. इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस कल भी सड़कों पर थी और आज भी सड़को पर उतर जनता को सच्चाई बताने का काम रही है.
हमारे लिए सत्ता नहीं जनता ही सर्वोपरी है. कार्यक्रम को मंत्री रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, पार्टी के निलंबित विधायक विक्सल कोगांडी व राजेश कच्छप, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सुखदेव भगत, ममता देवी, राकेश सिन्हा, राजीव रंजन प्रसाद, आभा सिन्हा समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया.

