
उदित वाणी, जमशेदपुर : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और सामाजिक न्याय के प्रखर आवाज़ राधे प्रसाद यादव का सोमवार सुबह टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से जिले की राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज अपराह्न स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया जाएगा। इसके लिए अपराह्न दो बजे उनके एग्रिको स्थित आवास (एल4-81, क्रॉस रोड नंबर-2) से शवयात्रा निकलेगी।

स्व. यादव झारखंड में राजद के वरिष्ठ नेताओं में शुमार रहे। उन्होंने वर्ष 1995 और 2000 में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ा था। राजनीति में उनकी छवि ईमानदार और समाजहित के लिए समर्पित नेता की रही।
राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रभारी, पूर्वी सिंहभूम पुरेंद्र नारायण सिंह ने गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राधे प्रसाद यादव न सिर्फ उनके राजनीतिक गुरु बल्कि अभिभावक समान थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 से 2005 तक उन्होंने यादव जी के नेतृत्व में युवा राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। जीवन के अंतिम समय तक भी वे समय-समय पर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर उनसे मार्गदर्शन लेते रहे।
राधे प्रसाद यादव के निधन से राजद परिवार सहित पूरे जिले में गहरा शोक व्याप्त है।

