उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड स्थित एक चाय दुकान के समीप हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. मामले में पुलिस ने गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी 28 वर्षीय विपिन शुक्ला को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, 19 जून की रात करीब 10 बजे बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास एक युवक ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व एवं नगर डीएसपी की निगरानी में विशेष जांच एवं छापामारी टीम का गठन किया गया.
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच तेज की और आरोपी की पहचान कर ली. गुप्त सूचना मिलने पर 21 जून को पुलिस ने सीतारामडेरा बस स्टैंड की ओर जाते समय हाथीघोड़ा मंदिर के पास से विपिन शुक्ला को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार को भी बरामद किया. पूछताछ में विपिन ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों में भय का माहौल बनाने और उनसे रंगदारी वसूलने की मंशा से फायरिंग की थी.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित अपराधी गिरोह से जुड़ा है या नहीं. घटना के खुलासे के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने राहत की सांस ली है.


