
उदित वाणी, जमशेदपुर : आरवीएस एकेडमी के लगभग 30 विद्यार्थियों के दल ने आज सुंदरवन स्थित चेशायर होम का भ्रमण किया. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं. दौरे में कक्षा छठी से ग्यारहवीं तक के बच्चे शामिल थे.
स्कूल के बच्चों ने चेशायर होम में रहने वाले दिव्यांग व्यक्तियों के साथ बातचीत की और उनके जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां सुनीं. विद्यार्थियों ने उनके साथ कहानी, गीत, व हंसी-मजाक कर समय बिताया, जिससे सभी के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी.

आर.वी.एस. एकेडमी की टीम ने अपने दौरे के दौरान चेशायर होम के निवासियों को आवश्यक वस्तुएं भी प्रदान कीं. इनमें चावल, दाल, तेल, फल, बिस्कुट और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं. इस पहल का उद्देश्य वहाँ रहने वाले लोगों को सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराना था.
विद्यालय के अध्यक्ष श्री बिंदा सिंह ने बताया कि स्कूल सदैव बच्चों में सेवा, दया, करुणा और सकारात्मक सोच की भावना विकसित करने के लिए तत्पर रहता है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं और समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करती हैं.

चेशायर होम के अधिकारियों ने आर.वी.एस. एकेडमी द्वारा किए गए सहयोग और उदार दान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया. भ्रमण के उपरांत सभी विद्यार्थी निर्धारित समय पर विद्यालय लौट आए.

