
उदित वाणी, आदित्यपुर : महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज आम लोगों से मिलने के लिए प्रोटोकॉल तोड़कर सड़क पर उतरी. आकाशवाणी चौक पर सड़क पर उतरी महामहिम राष्ट्रपति ने सड़क के दोनों ओर खड़े आम लोगों से मुलाकात की तथा उनका अभिवादन भी स्वीकार किया. इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति लगभग आधा किमी पैदल भी चली.
इस दौरान महामहिम ने छोटे बच्चों को चॉकलेट भी दिया. महामहिम राष्ट्रपति को अपने बीच पाकर सड़क के दोनों ओर खड़े आम लोग भी अत्यधिक उत्साहित हो उठे. वहीं, उपस्थित आम लोगों ने भी भारत माता की जय, जय श्री राम और बंदे मातरम के जोरदार नारे लगाकर उनका जोरदार अभिवादन किया.

इससे पूर्व कड़ी सुरक्षा के बीच महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को एनआईटी, जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भाग लेने आदित्यपुर पहुंची. यहां उन्होंने छात्र- छात्राओं को डिग्री और मेडल प्रदान किया और उनके उज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम समाप्ति के बाद वापस लौटने के क्रम में ज़ब महामहिम राष्ट्रपति का काफिला आकाशवाणी चौक के समीप आकर अचानक रुक गया, तब वहां मौजूद प्रशासनिक खेमे में हड़कंप मच गया.
खुद अपना प्रोटोकॉल तोड़कर महामहिम राष्ट्रपति अपनी गाड़ी से निकल कर आम जनता का अभिवादन करने सड़क पर उतर गई. महामहिम के इंतजार में बैठे लोगों ने इसे अद्भुत पल बताया. खासकर युवाओं में इस पल को लेकर खाता उत्साह देखा गया. लोग इस अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय पल को अपने मोबाइल में कैद करते देखे गए. और उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी.

