उदित वाणी, जमशेदपुर : परसूडीह थाना क्षेत्र से लापता हुए तीनों नाबालिग बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया. बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.
जानकारी के अनुसार, बारीगोड़ा निवासी कार्तिक (15 वर्ष), गौरव (8 वर्ष) और अभिराज (16 वर्ष) रविवार सुबह अपने-अपने घरों से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. काफी तलाश के बावजूद जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला तो चिंतित परिजनों ने परसूडीह थाना पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर परसूडीह थाना पुलिस ने तत्काल विशेष खोज अभियान शुरू किया. पुलिस टीम ने बच्चों के संभावित ठिकानों की जांच की, आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की तथा उनके आने-जाने वाले रास्तों और संपर्कों की जानकारी जुटाई. लगातार प्रयास और तकनीकी सहयोग के आधार पर पुलिस को बच्चों का सुराग मिला, जिसके बाद तीनों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. बच्चों के सकुशल घर लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है.
इस सफल अभियान के बाद परिजनों ने जमशेदपुर पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की. वहीं पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के लापता होने की स्थिति में बिना देर किए तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जा सके.


