उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले का एक और मामला सामने आया है. थाना से महज कुछ ही दूरी पर डिमना मुख्य सड़क स्थित ग्रीन वाटिका के समीप एक ड्राई फ्रूट एवं फल दुकान का शटर तोड़कर चोर करीब 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, “सेलिब्रेशन” नामक दुकान के संचालक अमित कुमार रविवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे. सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर का एक हिस्सा तोड़कर ऊपर उठा दिया गया है. दुकान के भीतर प्रवेश करने पर कैमरों के तार कटे मिले और कैश काउंटर से लगभग 80 हजार रुपये गायब थे.
अमित कुमार ने बताया कि शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहने के कारण दो दिनों की बिक्री की राशि दुकान में ही रखी गई थी. उन्होंने कहा कि व्यस्त मुख्य सड़क पर स्थित दुकान में इस तरह की चोरी की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी.
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. उन्होंने कहा कि डिमना मेन रोड शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है. ऐसे स्थान पर शटर तोड़कर चोरी की घटना बिना किसी तालमेल के संभव नहीं लगती. उन्होंने मानगो क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार को भी चोरी की घटनाओं का प्रमुख कारण बताया.
सूचना पर उलीडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने की बात कही है. वहीं विकास सिंह ने चेतावनी दी कि यदि चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो वे व्यापारियों के साथ एसएसपी कार्यालय के समक्ष आंदोलन करेंगे.


