
उदित वाणी, जमशेदपुर: परसुडीह के मकदुमपुर मुहल्ले निवासी मो. इरफान मलिक ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी का आरोप लगाते हुए सोमवार को एसएसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दी। पीड़ित ने एजेंट पर 70 हजार रुपये हड़पने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
इरफान ने बताया कि 23 सितंबर को स्थानीय एजेंट शकील उर्फ प्याजू ने दुबई में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। एजेंट ने एक महीने के भीतर विदेश भेजने का आश्वासन देते हुए उससे 70 हजार रुपये लिए। इरफान का दावा है कि मकदुमपुर स्थित शकील के दफ्तर में एक इंटरव्यू भी कराया गया था, जिसके बाद उन्हें विदेश जाने की तैयारी करने को कहा गया।
इसी दौरान इरफान को जानकारी मिली कि जिस कंपनी में भेजने की बात कही गई थी, वह वास्तविक नौकरी उपलब्ध नहीं कराती, बल्कि सामान्य सप्लाई संबंधी कार्यों में लगाती है। मनचाहा काम न मिलने की आशंका पर इरफान ने दुबई जाने से मना कर दिया और एजेंट से पैसे लौटाने की मांग की।
पीड़ित का आरोप है कि एजेंट शकील लगातार पैसे लौटाने में बहाने बनाता रहा। कई प्रयासों के बावजूद जब रकम वापस नहीं मिली तो एजेंट ने उल्टा उस पर झूठा केस दर्ज कराने की धमकी दे दी। आर्थिक और मानसिक तनाव से जूझ रहे इरफान ने एसएसपी से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।
इरफान ने आवेदन में लिखा है कि उसने मेहनत-मजदूरी कर बड़ी मुश्किल से यह पैसा जुटाया था। उसने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उससे वसूले गए पूरे 70 हजार रुपये वापस दिलाए जाएं।

