
उदित वाणी, जमशेदपुर: गुरुवार 20 अक्तूबर को विश्व ऑस्टियोपोरोसिस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अपेक्स हॉस्पिटल के कंसल्टेंट ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ सौरभ चौधरी द्वारा ऑस्टियोपोरोसिस पर शहर के शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता फैलाने के लिए शेशन का आयोजन किया गया।
ग्रेजुएट से लेकर लोयोला स्कूल तक में उन्होंने इसपर व्याख्यान दिया। बताया कि ऑस्टियोपोरोसिस से हड्डियां बहुत कमजोर और छिद्रपूर्ण हो जाती हैं और फ्रैक्चर के लिए प्रवण होती हैं।
उनके व्याख्यान को लोयोला स्कूल में फादर पायस (प्रिंसिपल), फादर विनोद (वाइस प्रिंसिपल), जयंती शेषाद्रि (वाइस प्रिंसिपल) और लगभग 50 शिक्षकों ने सुना।
वहीं उधर ग्रेजुएट कालेज के बीएड विभाग की ओर से भी गुरुवार को हड्डी से संबंधित रोग ऑस्टियोपोरोसिस के बारे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सौरभ चौधरी थे। उनका स्वागत कालेज की प्राचार्या डॉ. मुकुल खंडेलवाल ने किया।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ चौधरी ने कहा कि यह बीमारी उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों की खोखली कर देती है, जिसमें कैल्शियम और विटामिन डी की कमी होने लगती है और हड्डियां कमजोर होकर भुरभुरी हो जाती हैं। यह हड्डियों को नाजुक और कमजोर कर देती है और थोड़ी सी चोट में फ्रैक्चर होने की आशंका रहती है। यह बीमारी ज्यादातर उम्रदराज लोगों को होती है।
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे यह बीमारी बढ़ने लगती है। महिलाओं में यह एस्ट्रोजन का स्तर कम होने के कारण होती है। यह ज्यादातर रीढ़ और गर्दन, घुटने आदि में होने का खतरा रहता है। इससे बचाव के लिए व्यायाम करना, पैदल चलना, टहलना, सीढ़ियां चढ़ना और नृत्य करना लाभदायक होता है।
इसके अलावा सेव, स्ट्रॉबेरी, पपीता, केला, पाइनएप्पल आदि का सेवन करने से इस रोग से बचा जा सकता है। इस अवसर पर बीएड के को-ऑर्डिनेटर डॉ. मुकुल भेगराज, विभागाध्यक्ष डॉ. विशेश्वर यादव, शिक्षिका डॉ. पूनम ठाकुर उपस्थित थे।
Advertisement
<

