
उदित वाणी, जमशेदपुर: स्नातक में दाखिले के लिए सीयूईीटी की ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया गुरुवार को समाप्त हो गई. 30 मार्च को सीयूईटी यूजी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि थी.
रात के 9.50 बजे तक इसके लिए सीयूईटी की वेबसाइट पर लिंक खुला रहा. इसके बात रात के 11.50 बजे तक ऑनलाइन पेमेंट गेटवे खुला रहा. अब जो विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे तभी आवेदन कर पाएंगे, जब सीयूईटी आवेदन की तिथि को आगे बढ़ाया जाएगा. पिछली बार विद्यार्थियों के कम पंजीयन को मद्देनजर रखते हुए तिथि आगे बढ़ाई गई थी.
गौरतलब हो कि इस बार कोल्हान विश्वविद्यालय समेत जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में भी स्नातक में दाखिले के लिए सीयूईटी की प्रवेश परीक्षा देना अनिवार्य है. ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने आवेदन नहीं किया है, उन्हें दाखिला लेने में काफी समस्या का सामना करना पड़ेगा. जानकारी के मुताबिक कोल्हान प्रमंडल से सीयूईटी में आवेदन की संख्या अभी भी काफी कम है.
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कई विद्यार्थियों ने आवेदन नहीं किया होगा. गुरुवार को दोपहर में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार ने देश भर के छात्र-छात्राओं को अंतिम तिथि को लेकर अलर्ट भी किया था.
यूजीसी चीफ ने कहा था कि स्टूडेंट्स को आवेदन प्रक्रिया के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन, अप्लीकेशन फीस का ऑनलाइन पेमेंट और अप्लीकेशन सबमिशन तीनों ही स्टेप गुरुवार को ही पूरे करने होंगे. ऐसे में उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि सीयूईटी यूजी 2023 के लिए आवेदन 9.50 बजे तक और शुल्क भुगतान रात 11.50 बजे तक करना होगा.
आवेदन सुधार 1 से 3 अप्रैल तक
ऐसे सभी उम्मीदवार जिनके सीयूईटी यूजी 2023 रजिस्ट्रेशन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि हो गई है या आवश्यक संशोधन करना चाहते हैं तो इसके लिए एनटीए द्वारा करेक्शन का मौका दिया जाएगा. एजेंसी द्वारा सीयूईटी यूजी 2023 के आवेदन में सुधार के लिए अप्लीकेशन करेक्शन विंडो 1 से 3 अप्रैल तक ओपेन रखने की घोषणा की गई है.

