
उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के आश्रम पाड़ा हलुदबनी में आधी रात को हुई एक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। घटना में दो युवकों पर घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट और अपहरण का आरोप लगा है।
घटना के संबंध में पीड़िता कोनिका जेना ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उसने पश्चिम बंगाल झाड़ग्राम के रहने वाले राहुल पानी और सौरभ पानी को नामजद अभियुक्त बनाया है।
कोनिका जेना के अनुसार, आरोपियों के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के तहत दोनों युवक शनिवार देर रात करीब 12 बजे उसके घर पहुंचे। जब उसने दरवाजा खोलने से मना किया तो आरोपियों ने जबरन दरवाजा तोड़ डाला। इसके बाद दोनों घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि आरोपियों ने उसे घसीटकर घर से बाहर निकाला और मारते-पीटते हुए एक सुनसान जगह ले गए। वहां एक कमरे में उसे बंद कर दिया। किसी तरह उसे छुड़ाया गया और उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर परसुडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के क्रम की पुष्टि की जा सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है। इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
