
उदित वाणी, जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज की इनोवेशन काउंसिल ने आईआईटी खड़गपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक एंटरप्रेन्योरशिप अवेयरनेस ड्राइव का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में जो़जो़डे कंपनी के वाइस प्रेसीडेंट प्रेम प्रकाश दयाल और स्वच्छता पुकारे नामक स्वयंसेवी संस्था के संस्थापक गौरव आनंद उपस्थित थे.
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने व्यावसायिक और सामाजिक एंटरप्रेन्योरशिप के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी. पहले रिसोर्स पर्सन के रूप में बोलते हुए प्रेम प्रकाश दयाल ने कहा कि एंटरप्रेन्योरशिप के लिए सबसे पहले आपको अपनी सहूलियत की दुनिया से बाहर आना पड़ेगा, कम्युनिकेशन स्किल बेहतर करना पड़ेगा, संवाद करना सीखना होगा, चुनौतियों का सामना करना होगा, छोटी जगह या व्यक्तिगत परेशानियों का रोना रोने की बजाय खुद पर काम करना होगा और नेटवर्क बढ़ाना होगा.
जबकि गौरव आनंद ने समाज के प्रति उदारता और सहिष्णुता रखते हुए खुद के साथ-साथ हाशिये में बैठे लोगों को भी लाभ से जोड़ने की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि नवाचार से हम पर्यावरण और व्यवसाय में संतुलन बैठा सकते हैं. कार्यक्रम का आरंभ करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहम्मद रियाज के स्वागत उद्बोधन से हुआ.
इसके उपरांत इनोवेशन काउंसिल की अध्यक्ष डॉ नेहा तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम का संचालन आईआईटी खड़गपुर के तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी सृजन खैरनार और डेनियल खान ने किया. उल्लेखनीय है कि आईआईटी खड़गपुर का एंटरप्रेन्योरशिप अवेयरनेस ड्राइव पूरे देश के 25 शहरों में किया जाता है जिसमें लगभग 40000 विद्यार्थी स्टार्टअप और उद्यम के क्षेत्र के पेशेवर लोगों के संपर्क में लाए जाते हैं.
फरवरी में होने वाले एंटरप्रेन्योरशिप ग्लोबल समिट में भी करीम सिटी कॉलेज के इनोवेशन काउंसिल के सदस्य विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा. इस अवसर पर कॉलेज के मास कम्युनिकेशन, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, कॉमर्स, आर्ट और साइंस के विद्यार्थी मौजूद रहे.

