
उदित वाणी, चांडिल : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद एवं झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा सरायकेला-खरसवां जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त 2025 को दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ। वे 81 वर्ष के थे। उनके निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। बैद्यनाथ टुडू ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड के लोगों की सेवा और अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। वे झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन के एक प्रमुख स्तंभ थे। टुडू ने आगे कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना कर झारखंड के आदिवासी, मूलवासी और शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र सरकार में कोयला मंत्री के पद पर भी उन्होंने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका राजनीतिक और सामाजिक योगदान झारखंड के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज रहेगा। अंत में बैद्यनाथ टुडू ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।


