
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश पर दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र के सोमाडीह, कोयरा और आमझोर में पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से महुआ शराब की कई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने कारोबारियों को चेतावनी दी है कि वे दोबारा इस अवैध धंधे में शामिल न हों, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। संचालकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जहां भी अवैध शराब का कारोबार मिलेगा, पुलिस किसी भी स्थिति में बख्शेगी नहीं।
उल्लेखनीय है कि लगभग एक माह पूर्व पहाड़पुर पंचायत की सैकड़ों महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया था। महिलाओं का कहना था कि गांव में शराब के कारण परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उस समय उन्होंने पुलिस प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी थी और ठोस कदम उठाने की मांग की थी।
पुलिस की कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष है। लोगों ने कहा कि त्योहार के दौरान शराब से माहौल बिगड़ने की संभावना रहती है। ऐसे में समय रहते पुलिस की पहल से गांव में शांति और सुरक्षा बनी रहेगी। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन को धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

