
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना अंतर्गत मुखी बस्ती में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नामदा बस्ती निवासी शरणजीत सिंह (उम्र लगभग 28 वर्ष) सुबह करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच ट्रक की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शरणजीत अपने परिजन को स्टेशन से लाने के लिए स्प्लेंडर बाइक से निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक संख्या जेएच 05 एके 5732 ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोग बर्मामाइंस ट्यूब कंपनी गेट के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने प्रशासन से दोषी ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम के कारण सुबह ऑफिस व फैक्ट्री जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बर्मामाइंस क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन का ध्यान नहीं जाता। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि दोषी चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
पुलिस ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।

