
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः केन्दू गाछ चौक, धीराजगंज स्थित हनुमान टावर तथा उससे सटे एसडीएस अपार्टमेंट में बीती रात चोरी की घटना घटित हुई है. चार की संख्या में आये नकाबपोश चोरों ने एसडीएस टावर के बन्द पड़े फ्लैट संख्या-502 और 504 में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. इस दौरान चोरों ने हनुमान टावर के फ्लैट संख्या-416 के दरवाजे को भी जबरन तोड़ने का प्रयास किया. परन्तु गृह स्वामी आशुतोष शुक्ला के जागने के बाद नकाबपोश चोर वहाँ से भागने में सफल रहे. फ्लैट संख्या-504 में रहने वाली रश्मि नन्दा आज प्रातः समय ओडिसा से वापस लौटी तो पाया कि उनके फ्लैट का दरवाजा टूटा हुआ है तथा फ्लैट में रखे हुए सोने-चाँदी के आभूषण गायब हैं. जबकि फ्लैट संख्या-502 में रहने वाले व्यक्ति भी बाहर गये हुए हैं. उनके वापस लौटने के बाद हीं चुराए गए समान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पायेगी. चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. वहीं, घटना के बाद फ्लैटवासी पीड़ित परिवार आज आदित्यपुर पहुँचे तथा वहाँ लिखित शिकायत दर्ज कराई. साथ हीं आदित्यपुर पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया गया है.

