
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण नगर सुभाष कॉलोनी निवासी बंटी कुमार शर्मा (20) अपने दोस्तों के साथ साकची में किसी के बर्थडे पार्टी में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उलीडीह जगदंबा होटल के पास उसके और एक अन्य समूह के बीच विवाद हो गया। विवाद इतनी गंभीरता तक पहुंचा कि उसके दोस्तों ने ही उसे गोली मार दी और फिर फरार हो गए। बंटी की छाती में गोली लगी है।
घटना रात करीब 1 बजे हुई। उसी के साथियों ने घायल बंटी को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। बंटी की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टी एम एच रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह, मानगो व एमजीएम थाना की पुलिस बल सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
डीएसपी पटमदा बच्चन देव कुजूर ने बताया कि बंटी कुमार शर्मा एक निजी कंपनी में कार्यरत है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बंटी और उसके साथियों का किसी अन्य समूह के साथ विवाद हो गया था। फिलहाल गोली चलाने वाले संदिग्धों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने आश्वस्त किया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए सभी पहल की जा रही हैं।
डीएसपी बच्चन देव कुजूर ने कहा, “हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं ताकि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और न्याय के कटघरे में लाया जाए। हम सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों से मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।”

