
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः इंडस्ट्रियल स्टेबिलिटी एंड रिफॉर्म्स ऑर्गनाईजेशन (इसरो) की टीम ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के छठे चरण स्थित बालाजी कृष्णा इंजीटेक कंपनी का निरीक्षण किया. इसरो ने कंपनी के मालिक संजीव कुँडू से मुलाकात की तथा उन्हें हर संभव सहयोग करने का भरोसा भी दिलाया. इसरो के अध्यक्ष रुपेश कतरियार ने संबंधित कंपनी में घटित आगलगी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया तथा कहा कि छोटे उद्यमियों के लिए इस प्रकार की घटनायें काफी पीड़ादायक होती है. उनके सामने कंपनी को स्थापित करने की सबसे बड़ी चुनौती भी होती है. और नुकसान की भरपाई करने में काफी परेशानियाँ भी झेलनी पड़ती है.

श्री कतरियार ने बताया कि घटना के समय श्री कुँडू शहर से बाहर थे. परन्तु जैसे हीं उन्हें घटना की जानकारी प्राप्त हुई, तत्काल सभी घायलों का टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में उपचार कराने का निदेश दिया. शहर वापसी के बाद श्री कुँडू ने घायलों के बेहतर से बेहतर उपचार हेतु टीएमएच के चिकित्सकों से बातचीत भी की. श्री कतरियार ने कहा कि इसरो अपने साथ जुड़े उद्यमियों के साथ खड़ा रहता है. क्योंकि यह उद्यमियों के लिए सबसे कठिन घड़ी होती है. वहीं, संजीव कुँडू ने बताया कि उन्हें नफा-नुकसान की कोई परवाह नहीं है. और पहली प्राथमिकता सभी मजदूरों का बेहतर से बेहतर उपचार करना है. और इसके लिए अगर कंपनी बेचनी भी पड़े, तो कोई दिक्कत नहीं होगी.

