
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः न्यू हाऊसिंग कॉलोनी, आदित्यपुर-01 स्थित शिव-काली मन्दिर के पास रहने वाले प्रभात बोस नामक 80 वर्षीय बुजुर्ग को एक अज्ञात ऑटो ने टक्कर मार दी. घटना के बाद एकत्रित स्थानीय लोगों के द्वारा जख्मी अवस्था में बुजुर्ग को उपचार हेतु एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया. इसी दौरान बुजुर्ग को खोजते हुए उनके परिजन भी वहाँ पहुँच गये. फिर परिजन उन्हें टीएमएच के लिए लेकर निकले. परन्तु टीएमएच पहुँचने से पूर्व रास्ते मे हीं उनकी मौत हो गई. घटना आज प्रातः लगभग 7 बजे की बतायी जाती है. घटना के समय बुजुर्ग मॉर्निंग वॉक करने के लिए अपने घर से निकले थे. बुजुर्ग का पोस्टमॉर्टम गुरुवार को होगा. वहीं, परिजनों के द्वारा बुजुर्ग के शव को शीतगृह में रखवा दिया गया है.
