
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पी एंड एम मॉल के सामने स्थित पार्किंग में बुधवार रात पार्किंग शुल्क को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, जुगसलाई निवासी एक युवक से पार्किंग शुल्क मांगने पर उसकी कहासुनी पार्किंग कर्मी धनंजय कुमार से हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने धनंजय कुमार पर छप्पड़ (धारदार हथियार) से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल धनंजय को उसके भाई सूरज द्वारा तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय लोगों ने हमलावरों में से एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

