
उदित वाणी, जमशेदपुर: 31 जनवरी को रवीन्द्र भवन साकची में होने जा रहे श्रीलाल शुक्ल स्मृति इफको साहित्य सम्मान समारोह में लोक गायिका चंदन तिवारी का गायन होगा.
आयोजकों ने बताया कि चंदन तिवारी अपराह्न ढ़ाई बजे खेती-किसानी के गीत गाएंगी. इसके बाद हिन्दी कथा साहित्य में ग्रामीण एवं कृषि जीवन पर एक परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मशहूर कहानीकार डॉ.राकेश कुमार मिश्र, आलोचक प्रोफेसर रवि भूषण, कथा आलोचक राकेश बिहारी और जमशेदपुर के साहित्यकार और लेखक डॉ.सी भास्कर राव भाग लेंगे.
इसके बाद शाम पांच बजे पथ कम्युनिकेशन के कलाकारों की ओर से नाटक का मंचन किया जाएगा. यह नाटक जयनंदन की कहानी पर आधारित होगा.
इसके पहले सुबह साढ़े दस बजे मुख्य सम्मान समारोह होगा, जिसमें शहर के साहित्यकार जयनंदन को 11 लाख की राशि का श्रीलाल शुक्ल स्मृति इफको सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार मनमोहन पाठक यह सम्मान देंगे. उदघाटन समारोह में ही श्रीलाल शुक्ल की रचनाओं पर आधारित नाटक कहानी शिवपालगंज की प्रस्तुति होगी.

