
उदित वाणी, जमशेदपुर: नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (NABARD) के चेयरमैन डॉ. शाजी के.वी. आज सुबह 11:30 बजे एक्सएलआरआई जमशेदपुर परिसर में ग्रामीण बिजनेस इन्क्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर एक्सएलआरआई के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन सह टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्रन भी उपस्थित रहेंगे।
नाबार्ड के सहयोग से स्थापित
‘एक्ससाइट’ (XCITE) नामक इस केंद्र की स्थापना नाबार्ड के महत्वपूर्ण अनुदान से की गई है। इसका उद्देश्य देश के ग्रामीण और अर्ध-ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ एवं उच्च प्रभाव वाले उद्यमिता विकास को बढ़ावा देना है।
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों पर विशेष फोकस
यह केंद्र एग्रीबिजनेस और उससे जुड़े गैर-कृषि क्षेत्रों में नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने का मंच बनेगा। इसके तहत बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत उत्तर-पूर्व के आठ राज्यों सहित कुल 12 राज्यों के उद्यमियों को सहयोग दिया जाएगा। ये क्षेत्र संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद संगठित उद्यमिता तंत्र से अब तक वंचित रहे हैं।
रोजगार सृजन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बल
यह इन्क्यूबेशन सेंटर स्टार्टअप्स को संरचित मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और वित्तीय संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराएगा। इससे शुरुआती स्तर के विचारों को व्यावसायिक रूप से सफल उद्यमों में बदलने में मदद मिलेगी, जिससे रोजगार सृजन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
दिसंबर 2025 में हुआ था समझौता
इस परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (MoA) 19 दिसंबर 2025 को हस्ताक्षरित किया गया था। इस केंद्र का संचालन प्रो. सौरव स्नेहव्रत (फैकल्टी इंचार्ज) के नेतृत्व में होगा, जबकि प्रो. टाटा एल. रघु राम सह-प्रमुख के रूप में कार्य करेंगे।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने की दिशा में कदम
नाबार्ड और एक्सएलआरआई इस केंद्र को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में उद्यमिता के एक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करने की योजना बना रहे हैं, जो ग्रामीण नवाचार और सतत विकास को नई दिशा देगा।

