
उदित वाणी, जमशेदपुर: बोर्ड परीक्षाओं के बाद अब विद्यार्थी परिणाम के इंतजार में हैं. इस बीच सीबीएसई बोर्ड ने विद्यार्थियों को परिणाम जारी करने को लेकर संकेत दिए हैं.
इसके मुताबिक केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से सीबीएसई कक्षा 10वीं एवं 12वीं का रिजल्ट 15 मई के बाद घोषित किया जा सकता है. रिजल्ट सीबीएसई बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किया जाएगा. जिन छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं में भाग लिया है वे परिणाम घोषित होने पर ऑनलाइन माध्यम से अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं.
छात्र-छात्राएं रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट के अलावा डिजीलॉकर एवं उमंग ऐप पर भी जांच सकेंगे. रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को लॉग-क्रेडेंशियल दर्ज करना होगा.
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन ने जानकारी दी है कि परिणाम 15 मई के बाद घोषित किये जा सकते हैं. बोर्ड की ओर से दोनों ही कक्षाओं का रिजल्ट एक साथ जारी किया जा सकता है. बोर्ड की ओर से कॉपियों की मूल्यांकन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है जिससे भी अनुमान लगाया जा रहा है कि रिजल्ट जारी होने से संबंधित नोटिफिकेशन जल्द ही जारी की जा सकती है.
हालांकि बोर्ड की ओर से अभी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गयी है. सीबीएसई बोर्ड 2023 की परीक्षाओं में कुल 38 लाख स्टूडेंट्स ने भाग लिया था. इन सभी छात्र-छात्राओं को परिणाम जारी होने का इंतजार है.
रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी किया जायेगा जहां से विद्यार्थी लोग-इन क्रेडेंशियल दर्ज करके अपने परिणाम की जांच कर सकेंगे. रिजल्ट जारी होने पर कई बार वेबसाइट क्रैश होने का खतरा रहता है ऐसे में छात्र अपना रिजल्ट डिजीलॉकर एवं उमंग ऐप के माध्यम से भी जांच सकेंगे.
परिणाम की जांच के लिए छात्र-छात्राओं को रोल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी, स्कूल नंबर एवं जन्मतिथि भरकर सबमिट करनी होगी.
नीट यूजी आंसर-की 22 जून और रिजल्ट 27 जून तक
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी 2023 का आयोजन रविवार यानी 7 मई 2023 को किया गया. शहर के पांच केंद्रों में विद्यार्थियों ने इसकी परीक्षा दी.
इस बार मेडिकल, डेंटल और आयुष स्नातक प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2023 के लिए देश भर में रिकॉर्ड 20,87,449 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन किया था. इतनी बड़ी संख्या में कैंडीडेट्स के लिए एनटीए ने देश और विदेशों के कुल 499 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए थे. परीक्षा रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5.20 बजे तक की एकल पाली में आयोजित की गई.
परीक्षा के आयोजन के बाद एनटीए द्वारा अब प्रोविजिनल नीट यूजी आंसर-की 2023 जारी किए जाएंगे और उम्मीदवारों से उनकी आपत्तियों को आंमत्रित किया जाएगा.
इन आपत्तियों की समीक्षा के बाद एनटीए नीट यूजी रिजल्ट 2023 की घोषणा करेगा. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी आंसर-की 2023 को जारी किए जाने की तिथि की घोषणा नहीं की है. हालांकि, पिछले वर्ष के पैटर्न को देखें तो एजेंसी द्वारा नीट यूजी 2023 आंसर-की परीक्षा के आयोजन के 45 दिन बाद प्रोविजिनल आंसर-की जारी किए गए थे और नतीजों की घोषणा 52 दिन बाद की गई थी.
पिछले वर्ष 17.64 लाख उम्मीदवार नीट यूजी प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित हुए थे. यदि इसी पैटर्न को देखें तो इस साल 3 लाख से अधिक उम्मीदवारों की संख्या को देखते हुए संभव है कि एनटीए नीट यूजी आंसर-की 2023 को 22 जून तक जारी कर सकता है.
इसके बाद उम्मीदवारों से प्राप्त उनकी आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर-की और नीट यूजी रिजल्ट 2023 की घोषणा 27 जून के आस-पास कर सकता है.

