
उदित वाणी, जमशेदपुर:- जमशेदपुर के डिमना रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने पार्किंग को लेकर विवाद में डिलीवरी बॉय रवि महतो की जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के बाद रवि गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उचित कार्रवाई से इनकार किया।
घटना के बारे में रवि महतो ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को जानकारी दी और बताया कि वह बिलिंकीट से एक ऑर्डर लेकर विशाल मेगा मार्ट के बिल्डिंग में गया था। बिना पार्किंग के चल रहे प्रतिष्ठान के सामने अपनी गाड़ी खड़ी करने के बाद, जब वह पांचवें तल्ले में ऑर्डर डिलीवर करने के लिए लिफ्ट से नीचे आ रहा था, तो उसने देखा कि विशाल मेगा मार्ट का मैनेजर और उसके कर्मचारी उसकी गाड़ी की हवा खोल रहे थे।
रवि महतो ने इसका विरोध किया, जिस पर मैनेजर और उसके कर्मचारियों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। रवि को गंभीर चोटें आईं और वह घायल हालत में उलीडीह थाने गया। हालांकि, पुलिस ने मामले में कोई सुनवाई नहीं की और विशाल मेगा मार्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया।
पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह के हस्तक्षेप के बाद, स्थानीय थानेदार को मामले की जानकारी दी गई और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उचित कार्रवाई करने की मांग की गई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

