
उदित वाणी, रांची: प्रदेश भाजपा द्वारा 24 मार्च से 27 मार्च के बीच प्रमंडल स्तरीय सांगठनिक बैठक आयोजित की जायेगी. कोल्हान प्रमंडल की बैठक 25 मार्च को जमशेदपुर में बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित की जायेगी.
बैठक को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश संबोधित करेंगे. इसी सभी प्रमंडल स्तरीय बैठक में अलग-अलग प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे. बैठक के दौरान सांगठनिक गतिविधियों पर चर्चा की जायेगी तथा पार्टी द्वारा बूथ सशक्तिकरण अभियान को बल देने एवं सांगठनिक संरचना को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करने पर बल दिया जायेगा.
बैठक के दौरान प्रमंडल से संबंधित जिलों में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश मोर्चा के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जिला प्रभारी, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, निवर्तमान जिलाध्यक्ष, बूथ सशक्तिकरण अभियान की 4 सदस्यीय जिला टोली, राष्ट्रपति के अभिभाषण कार्यक्रम के लिए गठित जिलों की 4 सदस्यीय टोली, मंडल अध्यक्ष व मंडल महामंत्री भी मौजूद रहेंगे.
24 मार्च को 11बजे पूर्वाह्न से दुमका स्टेडियम में आयोजित संथाल परगना प्रमंडल की बैठक में पार्टी विधायक दल के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह व प्रदेश महामंत्री डा प्रदीप वर्मा शामिल होंगे.
25 मार्च को 11बजे पलामू प्रमंडल की बैठक दीनदयाल स्मृति सभागार मेदनीनगर में आयोजित जायेगी. जिसमे प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह एवं प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय शामिल होंगे. उत्तरी छोटानगपुर प्रमंडल की बैठक हंस मंडप बोकारो में आयोजित की जायेगी. जिसमे नेता विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी व प्रदेश महामंत्री सांसद आदित्य साहू शामिल होंगे.
27 मार्च को दक्षिणी छोटानगपुर प्रमंडल की बैठक स्वर्णरेखा बैंक्वेट हॉल नगड़ी रांची में आयोजित की जायेगी. जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह एवं प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय शामिल होंगे.

