
उदित वाणी, रांची: ईडी द्वारा अमित अग्रवाल की गिरफ्तारी पर प्रदेश भाजपा ने राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया और कहा है कि राज्य की जनता जानना चाहती है कि अमित अग्रवाल के साथ मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, प्रेम प्रकाश व आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल के क्या संबंध है.
इसके साथ ही प्रदेश भाजपा ने राज्यपाल से वर्तमान सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि आज झारखंड भ्रष्टाचार का पर्याय बन गया है.
जांच एजेंसियों की कार्रवाई से लगातार नए नए मामले उजागर हो रहे हैं. वहीं भाजपा विधायक दल के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि यह भ्रष्टाचार में आकंठ डुबी सरकार है.
यह सरकार जितने दिन रहेगी, राज्य का उतना बड़ा नुकसान होगा. उन्होंने कहा कि राज्य को बिचौलिए चला रहे हैं. मुख्यमंत्री आवास विचौलियों का आवास बना हुआ है. पदाधिकारियों से बिचौलिए बात करते हैं. ट्रांसफर पोस्टिंग व टेंडर की मोलभाव तय किया जाता है.
