
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में टेलीकॉम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता के दिशानिर्देश पर इस कार्यक्रम का आयोजन महिला कल्याण समिति, बोकारो की ओर से किया गया.
यह जागरूकता कार्यक्रम भारत सरकार की विशेष पहल पर भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा देशभर में चलाया जा रहा है. झारखंड में ट्राई के ‘कंज्यूमर अवेयरनेस ग्रुप’ (सीएजी) के सदस्य और महिला कल्याण समिति, बोकारो के महासचिव और कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्याम कुंवर भारती की आयोजन में मुख्य भूमिका रही.
ये झारखंड के विभिन्न संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हैं. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीएसएनएल के एजीएम विनोद कुमार और रिसोर्स पर्सन के रूप में जियो के दीपांकर दास शामिल हुए.
सर्वप्रथम यूनिवर्सिटी प्रतिनिधि डीएसडब्ल्यू डॉ. किश्वर आरा ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया और स्वागत भाषण दिया. यूनिवर्सिटी की परंपरा के अनुसार सभी अतिथियों को पौधा भी भेंट किया गया. मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने बीएसएनएल के पूरे कोल्हान प्रमंडल में विकास के कार्यों की रूप रेखा सामने रखा.
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की योजना को पूरा करते हुए प्रमंडल के तीन जिलों, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला के 350 गांवों में बीएसएनएल फोर-जी टावर का काम शीघ्र पूरा कर लेगा.
आज भी सुदूर गांवों में बात करने के लिए लोग ऊंचा स्थान ढूंढते हैं. इस योजना से सभी गांवों में फोर-जी टावर लग जायेगा और इस समस्या का समाधान हो जायेगा. उन्होंने साइबर फ्रॉड से संबंधित जानकारी देते हुए ओटीपी को किसी से भी साझा करने से मना किया. उन्होंने कहा कि बीएसएनएल या जियो या एयरटेल कोई भी आपसे ओटीपी नहीं मांगता है, कभी भी टेलीकॉम कंपनी के नाम से ओटीपी साझा करने की बात कही जाए तो आप उन्हें थाना आने के लिए कहिए कि हम वही ओटीपी देंगे.
उन्होंने कंज्यूमर के लिए बिष्टुपुर में कार्यालय होने की जानकारी दी और कहा कि किसी भी तरह के फ्रॉड या अन्य समस्याओं के लिए आप कार्यालय के शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
इसके लिए उन्होंने कुछ उपलब्ध नंबर के बारे में बताया, वो हैं 1503 एवं 18003451500 सम्मानिय अतिथि के रूप में उपस्थित भारती ने बताया कि किसी भी टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर (टीएसपी) को ट्राई के बनाए हुए नियमों का हीं पालन करना पड़ता है और ट्राई के कंज्यूमर अवेयरनेस ग्रुप के झारखंड का एक सदस्य होने के कारण राज्य में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम की जिम्मेदारी उन्हें मिली है.
उन्होंने कहा कि इस कार्य को महिला कल्याण समिति, बोकारो के सहयोग से किया जा रहा है. विस्तृत रूप से छात्राओं को स्मार्टफोन के स्मार्ट यूजर बनने की सलाह देते हुए उन्होंने सजग होने का निर्देश दिया.
साथ ही, सोशल मीडिया के भी बेहतर उपयोग की सलाह दी क्योंकि एक ओर जहां ये सब भले लोगों को जोड़ता हैं दूसरी ओर यह आतंकवादी गतिविधियों के लिए भी रास्ता देता है. इसलिए स्मार्टफोन से सारी दुनिया मुठ्ठी में तो है लेकिन सही उपयोग न करने पर यह बर्बादी की ओर भी ले जा सकता है. उन्होंने जमशेदपुर में जियो के फोर-जी से फाइव-जी के परिवर्तन की रूपरेखा सामने रखी.
बताया कि किन स्थानों पर यह हो चुका है और ये भी कि शीघ्र ही पूरे शहर को फाइव-जी से जोड़ दिया जायेगा. अंत में धन्यवाद ज्ञापन यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी डॉ. सुशील कुमार तिवारी और मंच संचालन एमबीए की प्राध्यापिका डॉ. श्वेता प्रसाद ने किया. कार्यक्रम में बीएड की छात्राएं उपस्थित रहीं.

