
उदित वाणी नई दिल्ली: मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एयर इंडिया ने शनिवार को क्षेत्र के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान में ‘बड़े सैन्य अभियान’ चलाए जाने की खबरों से हालात काफी बिगड़ गए हैं।
इजरायल के रक्षा मंत्री ने पुष्टि की है कि देश ने ईरान पर हमला किया है। तेहरान से जोरदार धमाकों और मिसाइल हमलों की रिपोर्ट सामने आई है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, राजधानी के यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हौरी इलाके में कई मिसाइलें गिरीं। हालात को देखते हुए इजरायल ने देशभर में स्कूल बंद रखने, लोगों को घर से काम करने की सलाह देने और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगाने जैसे एहतियाती कदम उठाए हैं।
हमलों के बाद क्षेत्र के कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद या सीमित कर दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि “मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में उत्पन्न स्थिति को देखते हुए सभी गंतव्यों के लिए एयर इंडिया की उड़ानें अगली सूचना तक निलंबित की जाती हैं।”
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति ऑनलाइन जांचें या 24×7 कॉल सेंटर नंबर +91 1169329333 और +91 1169329999 पर संपर्क करें।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी खाड़ी क्षेत्र में बिगड़ते हालात के मद्देनजर अपनी पश्चिम दिशा की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को निलंबित करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को उनके पंजीकृत संपर्क विवरण पर सीधे सूचित किया जा रहा है। यात्रियों से वेबसाइट के ‘मैनेज बुकिंग’ सेक्शन के माध्यम से बदलाव और रद्द करने की सुविधा लेने का अनुरोध किया गया है।
इस बीच, इंडिगो ने भी एडवाइजरी जारी कर कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
दिल्ली-तेल अवीव फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी
इजरायल द्वारा शनिवार सुबह ईरान पर ‘प्रीवेंटिव अटैक’ किए जाने के बाद एयर इंडिया की दिल्ली से तेल अवीव जाने वाली उड़ान सुरक्षा कारणों से बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौट आई।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय उड्डयन क्षेत्र में व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके दूरगामी भू-राजनीतिक और आर्थिक प्रभाव हो सकते हैं।

