
उदित वाणी, जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने आज देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.
पूजा-अर्चना का आयोजन
तीर्थ पुरोहितों द्वारा पूरे विधि-विधान से बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर के गर्भ गृह में शिवलिंग की पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और कल्पना सोरेन ने बाबा भोलेनाथ से झारखंड वासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की प्रार्थना की.

स्वागत और सम्मान
इससे पूर्व देवघर एयरपोर्ट आगमन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन का सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, संथाल परगना कमिश्नर लालचंद दादेल, संथाल परगना IG क्रांति कुमार, DIG संजीव कुमार, उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी विशाल सागर, पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग द्वारा स्वागत एवं अभिवादन किया गया. मौके पर जिला प्रशासन देवघर द्वारा एयरपोर्ट परिसर में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को गॉर्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.

