
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धीराजगंज_ सतबहनी में किराए पर रहने वाले 29 वर्षीय व्यक्ति का शव लहूलुहान अवस्था में बरामद हुआ है. संभावना जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या चार दिन पूर्व कर दी गई थी. तेज दुर्गंध की सूचना पर आदित्यपुर पुलिस की टीम आज वहां पहुंची और उसके बाद घर का ताला तोड़ कर शव बरामद किया गया.
मृतक की पहचान गिरिडीह जिला के उधनाबाद निवासी राजेश कुमार महथा के रूप में की गई है, जो कि विगत सोमवार को सतबहनी हरि मंदिर के सामने गौरांग चंद्र मुखी के किराए के मकान में परिवार के साथ रहने आया था. इस दौरान मंगलवार को मृतक का अपनी पत्नी के साथ विवाद और मारपीट हुआ था, जिसकी भनक मकान मालिक को भी लगी थी. मारपीट के बाद मृतक की पत्नी ने मकान मालिक को मारपीट कर घायल किए जाने की शिकायत की थी.
उसके बाद अगले सुबह कमरे में ताला लगा पाया गया. वहीं, चार दिन बीत जाने के बाद शनिवार को बंद कमरे से तेज बदबू आने लगी. उसके बाद लोगों ने पूर्व पार्षद अभिजीत महतो को सूचित किया. अभिजीत महतो द्वारा आदित्यपुर थाना को मामले की जानकारी दी गई. उसके बाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बंद कमरे का ताला तोड़ कर अंदर प्रवेश किया, तो पूरा कमरा खून से सना था और मृतक खून से लतपत पड़ा था.

वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया है और गिरिडीह निवासी परिजनों से संपर्क कर हत्या की जानकारी मृतक के परिजनों तक पहुंचा दी गई है.
दुगनी के डीडी स्टील में कार्यरत था मृतक
बताया जाता है कि मृतक राजेश कुमार महथा सरायकेला के दुगनी स्थित डीडी स्टील में कार्यरत था और विगत सोमवार को हीं वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सतबहनी स्थित किराए के मकान में रहने पहुंचा था.

