
उदित वाणी, जमशेदपुर: आजादी के अमृत महोत्सव में प्रत्येक जिले में 75 अमृत सरोवर बनाये जाएंगे. न्यूनतम एक एकड़ 0.4 हेक्टेयर में इस सरोवर का निर्माण किया जाएगा, जहां लगभग 10 हजार घनमीटर की जलधारण क्षमता होगी. विभाग ने ग्राम सभा कर योजनाओं की स्वीकृति देने का निर्देश दिया है. इस निर्देश के बाद पूर्वी सिंहभूम में अमृत सरोवर की तैयारी शुरू हो गई है. जलाशयों के कायाकल्प के साथ-साथ इनके संरक्षण पर भी जोर दिया गया है.
15 अगस्त 2022 तक 40 फीसदी तालाब बनाये जाएंगे तो साल भर बाद यानी 15 अगस्त 2023 तक इन्हें अनिवार्य रूप से पूरा किया जाएगा. जलाशयों के निर्माण व जीर्णोद्धार को लेकर स्थल चयन का काम निजी संस्था को सौंपा गया है. इस पर जल जमाव वाले स्थलों का जीआईएस मैपिंग की गई है. जिला स्तर से प्रशासिनक व तकनीकी पदाधिकारियों का दल संबंधित स्थलों का भौतिक सत्यापन कर अंतिम निर्णय लेगा.
वहीं रिपोर्ट के बाद संबंधित योजनाओं में काम शुरू किया जाएगा. इन सरोवर के निर्माण में मनरेगा व 15वें वित्त आयोग की राशि का उपयोग होगा. पंचायतों में सरोवर निर्माण के साथ-साथ आसपास पौधारोपण किया जाएगा. जलाशयों को ग्राम पंचायतों के लिए पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा.

