
उदित वाणी, झारखंड: आदित्यपुर की एक महिला कर्मचारी ने शहर के एक प्रतिष्ठित मॉल में अपने वरीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है। महिला का कहना है कि उसके साथ लंबे समय से कार्यस्थल पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, साथ ही लगातार छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न भी किया जा रहा था।
पीड़िता के अनुसार, वह 17 दिसंबर 2025 से मॉल स्थित एक नामी स्टोर में कार्यरत थी। इसी दौरान स्टोर प्रबंधक मनीष शर्मा और विभागीय प्रबंधक प्रदीप सिंह द्वारा उस पर आपत्तिजनक दबाव डाला गया। विरोध करने पर उसे झूठे मामलों में फंसाने और नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती रही। महिला ने यह भी दावा किया कि प्रदीप सिंह पर पहले भी एक महिला कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लग चुके हैं, जिस पर कंपनी की ओर से केवल चेतावनी देकर मामला दबा दिया गया था।
महिला ने बताया कि वह तलाकशुदा है और एक पुत्र की मां है। हाल ही में उसकी शादी तय हुई, जिसके बाद उसने अपने मंगेतर को पूरी घटना बताई। 25 मार्च 2026 को मंगेतर द्वारा मॉल पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कथित तौर पर उसके साथ प्रताड़ना और बढ़ गई।
पीड़िता का आरोप है कि 1 अप्रैल 2026 को उसके साथ दोबारा छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर वरिष्ठ प्रबंधक आशुतोष मिश्रा ने उस पर झूठे आरोप लगाकर नौकरी से निकाल दिया और जबरन इस्तीफा देने या माफी मांगने का दबाव बनाया।
जुगसलाई थाना प्रभारी ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है। महिला ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

