उदित वाणी, गम्हरिया : गम्हरिया थाना क्षेत्र में सर्विस रोड किनारे खड़े बीएमडब्ल्यू कंपनी के ट्रेलर से बैट्री और तिरपाल चुराते हुए एक चोर को कामगारों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. यह घटना 8 जुलाई की रात की है. मौके पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों ने जब देखा कि दो युवक ट्रेलर से बैट्री और तिरपाल निकालने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्होंने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया.
एक भागा, एक पकड़ा गया
अंधेरे का फायदा उठाकर एक चोर मौके से फरार हो गया. जबकि दूसरा युवक, सूरज हांसदा, पकड़ा गया. उसे तुरंत गम्हरिया पुलिस को सौंप दिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज हांसदा और पता पिंड्राबेड़ा बताया.
प्राथमिकी दर्ज, जेल भेजा गया
घटना की सूचना पर बीएमडब्ल्यू कंपनी के ट्रेलर चालक रूपेश कुमार यादव ने गम्हरिया थाना में सूरज हांसदा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

