
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट से कई दिन पहले रहस्यमय ढंग से गायब हुई विवाहिता को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. वह अपने प्रेमी के साथ रह रही थी. पुलिस ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया है. फिलहाल पुलिस विवाहिता से पूछताछ कर रही है और उसका बयान दर्ज कर रही है. बयान कोर्ट में भी दर्ज कराया जाएगा.
जानकारी के अनुसार, विवाहिता के पति ने उलीडीह थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. उसने आशंका जताई थी कि उसकी पत्नी किसी साजिश का शिकार हो सकती है. मामले को गंभीरता से लेते हुए उलीडीह पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी के आधार पर महिला का सुराग लगाया. आखिरकार महिला को उसके प्रेमी के साथ चाईबासा के ही एक इलाके से बरामद किया गया.
सूत्रों के अनुसार, विवाहिता ने पुलिस के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा कि वह अपने प्रेमी को बहुत प्यार करती है और उसके बिना नहीं रह सकती. उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके माता-पिता ने उसकी जबरन शादी कर दी थी, जिससे वह खुश नहीं थी. महिला का यह बयान मामले को नया मोड़ दे सकता है.
अब पुलिस इस पूरे मामले की कानूनी बारीकियों की जांच कर रही है. प्रेमी युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. विवाहिता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस की निगरानी में उसका बयान कोर्ट में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.
