
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना पुलिस ने शनिवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मनीफिट आदर्शनगर के कुख्यात अपराधी प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ ‘लादेन’ को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक तेज धारदार हथियार सहित आपत्तिजनक सामान बरामद किया है.
टेल्को थाना प्रभारी के अनुसार, शनिवार की रात नियमित गश्ती के दौरान पुलिस दल को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगी. पूछताछ करने पर वह पहले अपने पहचान को लेकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने खुद को प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ लादेन बताया.
प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ लादेन, टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत मनीफिट आदर्शनगर का निवासी है. पुलिस के मुताबिक वह शादी समारोह में अवैध फायरिंग करने, रंगदारी मांगने और मारपीट जैसे मामलों में पहले से ही वांछित था. उसके विरुद्ध टेल्को थाना में पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार लादेन की गिरफ्तारी टेल्को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. बरामद हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका उपयोग किसी अन्य आपराधिक वारदात में तो नहीं हुआ है.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. टेल्को पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों के जेल जाने से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम होगा.

