
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के सरमदा स्थित पत्थर खदान में 11 नवंबर की दोपहर करीब 3:30 बजे हुए दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई थी. घटना के चार दिन बाद पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. इसमें खदान मालिक, मुंशी, हाइवा ट्रक मालिक और चालक को नामजद किया गया है.
जानकारी के अनुसार, सरमदा खदान से पत्थर लोड कर हाइवा ट्रक (संख्या जेएच 05यू 6288) ऊपर की ओर चढ़ रहा था. ट्रक पर दो मजदूर — शुभोजित गोप और टुकलू सरदार — सवार थे. इसी दौरान हाइवा का ब्रेक फेल हो गया और ट्रक तेज रफ्तार से ढलान की ओर पीछे लुढ़कने लगा. स्थिति बिगड़ते देख दोनों मजदूर ट्रक से कूद पड़े, लेकिन तभी ट्रक पलट गया और वे उसके नीचे दब गए. दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. मृतक मजदूरों के परिजन, रूलाडीह गांव निवासी सुखू सरदार ने पुलिस को आवेदन देकर खदान प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उनके बयान के आधार पर पुलिस ने खदान मालिक सुजीत कुमार मंडल, मुंशी, हाइवा ट्रक मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
बताया गया कि सुजीत कुमार मंडल को सरमदा क्षेत्र में लगभग तीन एकड़ भूमि पर पत्थर खनन का लीज मिला हुआ है, और यह हादसा उसी क्षेत्र में हुआ. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से खदानों में सुरक्षा मानकों की सख्त निगरानी की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
