
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र गुरुवार को एक बार फिर आपसी रंजिश और हिंसा की चपेट में आ गया. पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच अलग-अलग समय पर जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद दोनों ओर से परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी. पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है.
पहली घटना गुरुवार दिन में करीब 3.30 बजे की है. हरहरगुट्टू इंद्रा विद्या ज्योति स्कूल के पास रहने वाले प्रणव कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वे घाघीडीह जेल के पीछे मैदान के पास खड़े थे. तभी परसुडीह मनसा मंदिर के पास के रहने वाले रिंकू खान और उसके अन्य साथियों ने अचानक उनपर हमला कर दिया. आरोपियों ने लोहे की रॉड और हथौड़ी से प्रणव पर प्रहार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया और घायल प्रणव को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया.
इस घटना को लेकर प्रणव सिंह ने परसुडीह थाने में रिंकू खान समेत अज्ञात हमलावरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
वहीं, दूसरी घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे की है. इस बार कीताडीह मनसा मंदिर के पास रहने वाले मजहर खान ने थाने में मामला दर्ज कराया है. मजहर का आरोप है कि शाम को आरोपी ग्वालाबस्ती निवासी रवि यादव, हरहरगुट्टू प्रेमकुंज निवासी अंकुर प्रभाकर, कीताडीह निवासी रजनीश कुमार सिंह, परसुडीह का रोहन, प्रेमकुंज का सोनू सिंह और प्रणव कुमार सिंह जबरन उनके घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया. इस हमले में मजहर को गंभीर चोटें आई हैं.
मजहर ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन्हें पीटा और जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए और हमलावर मौके से फरार हो गए.
परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज की गई है. मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है.
स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि जल्द ही दोनों मामलों में दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

