
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलगम रोड पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में अमलगम स्टील प्लांट के कर्मचारी सुभाष प्रमाणिक गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार सुभाष प्रमाणिक ड्यूटी के लिए प्लांट जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा (संख्या OD 09 V 3129) ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुभाष प्रमाणिक अपनी मोटरसाइकिल समेत हाइवा के नीचे जा फंसे और करीब आधे घंटे तक वहीं दबे रहे. टक्कर के बाद हाइवा उन्हें लगभग 30 फीट तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे सुभाष गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर बड़ी संख्या में जुट गए और माहौल आक्रोशपूर्ण हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि जिस मोड़नुमा हिस्से पर दुर्घटना हुई, वहां तेज रफ्तार में गुजरते भारी वाहनों के कारण हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है.
ग्रामीणों के विरोध के बीच अमलगम स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से करीब आधे घंटे बाद एक लोडर भेजा गया. लोडर की मदद से काफी मशक्कत के बाद सुभाष प्रमाणिक को हाइवा के नीचे से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एक अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
हादसे के करीब एक घंटे बाद तक भी बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमे रहे और प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट किया. ग्रामीणों का कहना है कि अमलगम रोड का यह हिस्सा काफी संकरा है और प्लांट के भारी वाहनों की आवाजाही के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
ग्रामीणों ने मांग की है कि जिस सड़क पर दुर्घटना हुई है उसका तत्काल चौड़ीकरण कराया जाए. साथ ही मेन रोड से कंपनी गेट तक ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और वैकल्पिक लेन की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

