
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नं.-6 स्थित शिव मंदिर में चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. चंद्रिका प्रसाद के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात चोर के विरुद्ध मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से नकदी चोरी करने का आरोप लगाया गया था.
अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मण जोगी उर्फ बप्पी जोगी को उसके घर से गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की गई रकम घर पर बैठकर गिन रहा था. पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए मंदिर को निशाना बनाया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 11,976.50 रुपये बरामद किए, जिसमें विभिन्न मूल्य के नोट और सिक्के शामिल हैं. आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है -पूर्व में कदमा और बिष्टुपुर थानों में चोरी व अन्य धाराओं के तहत कई कांड दर्ज हैं, और वह जेल भी जा चुका है.
पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.

