
उदित वाणी, जमशेदपुर: टुईलाडुंगरी गुरुद्वारा में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा प्रधान सरदार सतबीर सिंह के नेतृत्व में एक आमसभा (जनरल बॉडी मीटिंग) आयोजित की गई. इस बैठक में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय सिख संगत और स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान सरदार सतबीर सिंह द्वारा अरदास से की गई.

बैसाखी समागम की तैयारियां तय
बैठक में आगामी 14 अप्रैल को बैसाखी पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले समागम को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. महासचिव सरदार जसवंत सिंह ने जानकारी दी कि 12 अप्रैल से श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा, जिसका समापन 14 अप्रैल को किया जाएगा. इसके बाद गुरबाणी शबद कीर्तन, कथा-विचार और अंत में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया जाएगा.
गुरुद्वारा में विकास कार्यों को मिली मंजूरी
बैठक में गुरुद्वारा साहिब के विकास कार्यों पर भी निर्णय लिए गए. इसमें दीवान हॉल में पहले से लगे एसी की वायरिंग का काम और पेंटिंग कार्य जल्द शुरू करने, तथा बैसाखी के बाद प्रथम तल पर लंगर हॉल के निर्माण कार्य को तेज करने पर सहमति बनी.
अनुशासन को लेकर सख्त फैसला
सभा में एक अहम निर्णय लेते हुए कहा गया कि जो भी व्यक्ति गुरु घर के माहौल को खराब करने या तालाबंदी जैसी गतिविधियों में शामिल होगा, उसे दोषी मानते हुए 5 वर्षों के लिए पंथ से निष्कासित कर सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा.
कलगीधर मध्य विद्यालय विवाद पर चर्चा
बैठक में गुरुद्वारा कमेटी के अधीन संचालित कलगीधर मध्य विद्यालय को लेकर भी गंभीर मुद्दा उठाया गया. संगत ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व स्कूल पर अवैध कब्जा बनाए हुए हैं, जबकि यह विद्यालय 1956 से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधीन है. आरोप है कि स्वयंभू पदाधिकारियों द्वारा गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें स्कूल परिसर में प्रवेश से रोका गया.
इस मामले को लेकर संगत में आक्रोश जताया गया और संबंधित व्यक्तियों पर गुरु घर की संपत्ति हड़पने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए उनका सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया, जिसे सभा में सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई.
मामला उच्च स्तर पर ले जाने का निर्णय
महासचिव सरदार जसवंत सिंह ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अकाली दल और तख्त श्री पटना साहिब को दी जाएगी, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सके. निष्कासन का निर्णय पहले कैबिनेट बैठक में पारित हो चुका है और अब जनरल बॉडी बैठक में भी इसे मंजूरी मिल गई है, जिस पर जल्द अमल किया जाएगा.
बैठक में ट्रस्टी रंजीत सिंह, सतपाल सिंह, सविंदर सिंह, बलकार सिंह, हरदीप सिंह फुल्के, दिलबाग सिंह, मुख्तार सिंह, परमजीत सिंह, वरयाम सिंह, विक्रम सिंह, दविंदर सिंह, भगत सिंह, तेजपाल सिंह सहित कई सदस्यों ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन महासचिव सरदार जसवंत सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सरदार चरनजीत सिंह ने किया.

