
उदित वाणी, जमशेदपुर : गम्हरिया थाना अंतर्गत रामचंद्रपुर के समीप सोमवार सुबह एक गड्ढे से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान शोम हेंब्रम (लगभग 25 वर्ष), पिता स्वर्गीय फूची हेंब्रम, निवासी चम्पाईडीह, पंचायत बुरूडीह, पोस्ट बुरूडीह के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि शोम की एक पत्नी और पांच साल का एक बेटा है.
परिवार के अनुसार, शोम हेंब्रम रविवार को अपनी बाइक से रापचा गांव में फुटबॉल मैच देखने गया था. देर शाम लौटने के दौरान किसी अप्रिय घटना का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है. सोमवार सुबह ग्रामीणों की नजर रास्ते किनारे एक गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
सूचना पाकर गम्हारिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है या इसमें किसी तरह की आपराधिक साजिश शामिल है. पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
अचानक हुई इस घटना से मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि यह हत्या या साजिश का मामला है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

