
उदित वाणी, बोकारो : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आमतल काशीझरिया स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में बीती रात सनसनीखेज आगजनी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी. देर रात करीब 10:30 बजे असामाजिक तत्वों ने स्कूल परिसर में खड़ी तीन स्कूल बसों और एक टाटा मैजिक को आग के हवाले कर दिया. इस सुनियोजित घटना में करीब 1.80 करोड़ रुपये की संपत्ति राख हो गई.
घटना के समय स्कूल स्टाफ, कर्मचारी और चौकीदार कमरों में सो रहे थे. चौकीदार ने बताया कि संदिग्ध आवाजें सुनकर खिड़की से झांकते ही आग की लपटें दिखीं, लेकिन उनका कमरा बाहर से बंद कर दिया गया था. शोर मचाने पर हॉस्टल के बच्चे जुटे और दरवाजा खोला. स्कूल निदेशक गोपाल कृष्ण पांडेय ने आरोप लगाया कि आग लगाने से पहले CCTV कैमरों की तारें काट दी गईं, ताकि कोई सबूत न बचे.
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुके थे. चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा, “जांच में संकेत मिले हैं कि स्कूल से जुड़े किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है, क्योंकि चोरी का कोई सामान नहीं मिला. पुलिस गंभीरता से मामले की तहकीकात कर रही है.” इस घटना से स्कूल प्रबंधन स्तब्ध है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहा है.

